गाजीपुर के SKBM इंटर कॉलेज को मिला राष्ट्रीय पहचान, ‘द लेगेसी कॉन्क्लेव 2026’ में होगा सम्मानित

शाहीन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने देश के 50 वर्ष से अधिक की शैक्षिक सेवा करने वाले संस्थानों में किया आमंत्रित; प्रो. जसीम मोहम्मद ने जताई प्रसन्नता

गाजीपुर, दिलदारनगर 28/11/2026 । जनपद गाजीपुर के दिलदारनगर स्थित एसकेबीएम इंटर कॉलेज (SKBM Inter College) के लिए यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि उसे राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित शैक्षिक आयोजन ‘द लेगेसी कॉन्क्लेव 2026’ में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। कर्नाटक के बीदर स्थित शाहीन नॉलेज सिटी में 1 एवं 2 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले इस कॉन्क्लेव का आयोजन शाहीन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा किया जा रहा है।

 राष्ट्रीय पहल के अंतर्गत देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 25 ऐसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों को एक मंच पर आमंत्रित किया गया है, जिन्होंने 50 वर्षों से अधिक समय तक शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। एसकेबीएम इंटर कॉलेज को मिला यह आमंत्रण न केवल संस्थान, बल्कि पूरे गाजीपुर जनपद और पूर्वांचल के लिए गौरव की बात है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गाजीपुर से इस राष्ट्रीय आयोजन में आमंत्रित होने वाला यह पहला विद्यालय है।

एसकेबीएम इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र एवं शिक्षाविद् प्रो. जसीम मोहम्मद ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शाहीन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अब्दुल कदीर के प्रति आभार प्रकट किया है।

प्रो. जसीम मोहम्मद ने कहा कि जब शाहीन ग्रुप द्वारा देश के उन शिक्षण संस्थानों की गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित करने की यह पहल शुरू की गई, जिन्होंने दशकों तक शिक्षा के प्रसार और समाज निर्माण में योगदान दिया है, तब उन्होंने एक पूर्व छात्र (Alumnus) होने के नाते अपने विद्यालय एसकेबीएम इंटर कॉलेज, दिलदारनगर की जानकारी इस पहल के अंतर्गत उपलब्ध कराई थी। उन्होंने स्वयं संस्थान से संबंधित विवरण अपडेट किया और आवश्यक जानकारी साझा की थी, ताकि उनके विद्यालय की शैक्षिक विरासत और योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।  उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह व्यक्तिगत खुशी और गर्व का क्षण है कि जिस विद्यालय में मैंने शिक्षा प्राप्त की, उसे आज राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित एक महत्वपूर्ण शैक्षिक आयोजन में आमंत्रित किया गया है। किसी भी पूर्व छात्र के लिए इससे बड़ी खुशी क्या हो सकती है कि उसके अपने शिक्षण संस्थान को सम्मान और पहचान मिले। एसकेबीएम इंटर कॉलेज केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि अनेक पीढ़ियों के शैक्षिक और सामाजिक विकास की आधारशिला रहा है।”

प्रो. जसीम मोहम्मद ने कहा कि शाहीन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। देश के उन पुराने शिक्षण संस्थानों को एक मंच पर लाना, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा के माध्यम से समाज में परिवर्तन लाने का कार्य किया है, वास्तव में एक ऐतिहासिक प्रयास है। ऐसे संस्थानों के अनुभव, संघर्ष, उपलब्धियां और शैक्षिक परंपराएं नई पीढ़ी के शिक्षाविदों एवं संस्थान संचालकों के लिए प्रेरणास्रोत बन सकती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘द लेगेसी कॉन्क्लेव 2026’ केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह देश की शैक्षिक विरासत के संरक्षण, संस्थागत अनुभवों के आदान-प्रदान और भविष्य की शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

प्रो. जसीम मोहम्मद ने कहा कि गाजीपुर और पूर्वांचल में शिक्षा की एक समृद्ध परंपरा रही है। यहां के शिक्षण संस्थानों ने अनेक प्रतिभाओं को तैयार किया है, जिन्होंने देश और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है। एसकेबीएम इंटर कॉलेज को मिला यह आमंत्रण क्षेत्र के अन्य शैक्षणिक संस्थानों के लिए भी प्रेरणा का विषय है।  उल्लेखनीय है कि शाहीन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय कॉन्क्लेव में देश के विभिन्न राज्यों से आए शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि अपनी संस्थागत यात्रा, अनुभवों, चुनौतियों और उपलब्धियों को साझा करेंगे। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान देने वाले संस्थानों और उनके नेतृत्व को सम्मानित किया जाएगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.