जेएन मेडिकल कालिज के शरीर क्रिया विज्ञान विभाग ने एपीपीआईकॉन 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, स्नातकोत्तर विद्यार्थी को प्रथम पुरस्कार

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के शरीर क्रिया विज्ञान विभाग के शिक्षकों और एक स्नातकोत्तर विद्यार्थी ने हाल ही में केरल के कोच्चि स्थित अमृता अस्पताल में आयोजित एपीपीआईकॉन 2026 में अपनी शैक्षणिक और शोध उपलब्धियों से विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण विभाग द्वारा “चिकित्सा शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित व्यक्तिगत शिक्षण: अवधारणा से कक्षा में कार्यान्वयन तक” विषय पर आयोजित संगोष्ठी रही। इसमें चिकित्सा शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की परिवर्तनकारी संभावनाओं, विशेष रूप से व्यक्तिगत शिक्षण, अनुकूल शिक्षण पद्धतियों, विद्यार्थियों की सहभागिता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित मूल्यांकन और चिकित्सा कक्षाओं में उभरती तकनीकों के समावेश पर चर्चा की गई।
संगोष्ठी में डॉ. अनवर हसन सिद्दीकी, डॉ. अहमद फराज और डॉ. सैयद शारिक नईम ने प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित नवाचारों के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे। सम्मेलन में उपस्थित लोगों और आयोजकों ने उनके शैक्षणिक योगदान की सराहना की तथा सहभागी शिक्षकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया।
डॉ. अहमद फराज ने “टाइप-2 मधुमेह में सार्कोपेनिक मोटापे और मधुमेहजनित परिधीय न्यूरोपैथी के बीच संबंध” विषय पर मौखिक शोधपत्र भी प्रस्तुत किया। इसमें चयापचय संबंधी विकारों और उनसे जुड़ी तंत्रिका संबंधी जटिलताओं पर विभाग के चल रहे शोध को रेखांकित किया गया।
विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जोड़ते हुए, जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के शरीर क्रिया विज्ञान विभाग के जूनियर रेजिडेंट (जेआर-2) गोकुल पिल्लई ने स्नातकोत्तर शोधपत्र प्रस्तुति श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। उनके शोध का शीर्षक था “रजोनिवृत्ति के बाद सहानुभूति तंत्रिका तंत्र में तीव्र उछाल रू उच्च रक्तचाप से ग्रस्त वयस्कों में मधुमेहजनित न्यूरोपैथी में लैंगिक अंतर”। यह सम्मान युवा शोधकर्ता और विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा।
शरीर क्रिया विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. मोहम्मद असलम ने शिक्षकों और स्नातकोत्तर विद्यार्थी को बधाई देते हुए उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचारपूर्ण दृष्टिकोण और शोध योगदान की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक मंचों पर उपस्थिति मजबूत करने के लिए सार्थक शोध और नवीन शिक्षण पद्धतियों को जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.