एएमयू का सामुदायिक चिकित्सा विभाग अलीगढ़ में साप्ताहिक जन आरोग्य मेले में कर रहा सहयोग

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (जेएनएमसी) का सामुदायिक चिकित्सा विभाग अगस्त 2026 से प्रत्येक रविवार को जमालपुर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के संचालन में जिला स्वास्थ्य विभाग, अलीगढ़ के साथ सहयोग कर रहा है।
इन साप्ताहिक स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सकीय परामर्श, सामान्य बीमारियों की जांच, स्वास्थ्य शिक्षा, परामर्श और जरूरतमंद मरीजों को उचित चिकित्सा केंद्रों पर भेजने की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इनमें बीमारियों की शुरुआती पहचान और समय पर उपचार पर विशेष जोर दिया जाता है।
विभागाध्यक्ष प्रो. उज्मा इरम ने बताया कि सामुदायिक चिकित्सा विभाग के रेजिडेंट और इंटर्न नियमित रूप से इन शिविरों में भाग लेते हैं। इनकी निगरानी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अली जाफर आब्दी करते हैं।
इस पहल के माध्यम से एएमयू की शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय विशेषज्ञता को जिला स्वास्थ्य विभाग की जनसेवा गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं, वहीं चिकित्सा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल और जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों का व्यावहारिक अनुभव भी मिल रहा है।
