एएमयू जेएन मेडीकल कालिज ने ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र में स्तन कैंसर जागरूकता सत्र आयोजित किया

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सामुदायिक चिकित्सा विभाग ने स्तन कैंसर जागरूकता माह 2026 के तहत अलीगढ़ स्थित ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र में ‘हर कहानी अनूठी है, हर सफर महत्वपूर्ण है, विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सामुदायिक चिकित्सा विभाग की अध्यक्ष प्रो. उज्मा इरम के मार्गदर्शन और सहायक प्रोफेसर डॉ. तबस्सुम नवाब के पर्यवेक्षण में किया गया। इसमें वरिष्ठ रेजिडेंट डॉ. इरम आबिद और डॉ. सोहैब हाशमी ने सहयोग दिया। जूनियर रेजिडेंट-प्रथम डॉ. पूर्वा भाटिया ने स्वास्थ्य संबंधी व्याख्यान दिया।
सत्र में स्तन स्वास्थ्य, स्तन कैंसर के सामान्य लक्षणों और शुरुआती चरण में असामान्य बदलावों की पहचान के महत्व पर जानकारी दी गई। महिलाओं को बताया गया कि स्तन या बगल में गांठ अथवा मोटापन, स्तन के आकार या आकृति में बदलाव, त्वचा में परिवर्तन, निप्पल का अंदर की ओर धंसना, निप्पल से असामान्य स्राव और स्तन से जुड़ी लगातार बनी रहने वाली समस्याएं ऐसे संकेत हैं, जिनकी चिकित्सकीय जांच जरूरी है। यह भी स्पष्ट किया गया कि स्तन में होने वाला हर बदलाव कैंसर का संकेत नहीं होता, लेकिन किसी भी नए या असामान्य बदलाव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
प्रतिभागियों को स्तनों की स्वयं जांच करने के तरीके बताए गए और उन्हें स्तनों के सामान्य स्वरूप तथा बनावट से परिचित रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें गांठ, सूजन, त्वचा में गड्ढे पड़ना, त्वचा की बनावट में बदलाव और निप्पल से जुड़ी असामान्यताओं की पहचान करना समझाया गया। सत्र में जोखिम कारकों और बचाव के उपायों पर भी चर्चा की गई। महिलाओं को सलाह दी गई कि डर, झिझक या गलत धारणाओं के कारण चिकित्सकीय परामर्श लेने में देरी न करें।
प्रश्नोत्तर सत्र में महिलाओं और उनके परिवार के सदस्यों ने स्तन स्वास्थ्य तथा इससे जुड़ी समस्याओं के बारे में सवाल पूछे और विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.