एएमयू के विभागों, मौलाना आजाद पुस्तकालय और एसटीएस स्कूल में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत कार्यक्रम

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, मौलाना आजाद पुस्तकालय तथा एसटीएस स्कूल (मिंटो सर्किल) में चल रहे स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत स्वच्छता, पौधारोपण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सामूहिक भागीदारी, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

तहफ्फुजी व समाजी तिब विभाग, यूनानी चिकित्सा संकाय में ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। विभाग की अध्यक्ष प्रो. रुबी अंजुम ने यूनानी चिकित्सा की दृष्टि से स्वच्छता और साफ-सफाई के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

भूविज्ञान विभाग में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, शपथ और सफाई अभियान आयोजित किया गया। इसमें शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी और विद्यार्थी शामिल हुए। विभागाध्यक्ष प्रो. राशिद उमर ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई।

सेंटर फाॅर इंटीग्रेटिड ग्रीन एण्ड रिन्यूऐबिल इनर्जी द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्र की समन्वयक प्रो. सफिया अख्तर काजमी, डॉ. आले इमरान, डॉ. फैजान खालिद, एम.टेक. हरित ऊर्जा के विद्यार्थी तथा केंद्र के कर्मचारियों ने भाग लिया।

अंतर्विषयक जैव प्रौद्योगिकी इकाई में स्वच्छता शपथ, सफाई एवं लॉन रखरखाव अभियान, पौधारोपण तथा भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रमों का समन्वय प्रो. हिना यूनुस ने किया। भाषण प्रतियोगिता में एम.एससी. तृतीय सेमेस्टर की रासिया अमीन और लायबा खान ने क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में अरीना नाज और इल्मा अली क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान पर रहीं। प्रो. हिना यूनुस ने शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना करते हुए स्वच्छ भारत की भावना को निरंतर बनाए रखने का आह्वान किया।

मौलाना आजाद पुस्तकालय में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के तहत पौधारोपण और श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यवाहक पुस्तकालयाध्यक्ष प्रो. निशात फातिमा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भूमि एवं उद्यान प्रभारी प्रो. अनवर शहजाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों के महत्व पर प्रकाश डाला। उप-पुस्तकालयाध्यक्षों, सहायक पुस्तकालयाध्यक्षों और पुस्तकालय कर्मचारियों ने पौधारोपण में भाग लिया।

एसटीएस स्कूल (मिंटो सर्किल) में खेल मैदानों और विद्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने श्रमदान किया तथा स्वच्छता, साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने वाले नारे लगाए। प्रधानाचार्य फैसल नफीस ने शिक्षा के साथ स्वच्छता, अनुशासन और नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के महत्व पर जोर दिया। उप-प्रधानाचार्य डॉ. मोहम्मद आलमगीर सहित शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी भी अभियान में शामिल हुए।

इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से एएमयू ने स्वच्छता ही सेवा 2026 की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.