कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय, ‘विशेष अभियान 5.0’ के अंतर्गत मिले उत्कृष्ट परिणामों के आधार पर ‘विशेष अभियान 6’ की तैयारी कर रहा है

भारत सरकार ने ‘विशेष अभियान 6’ प्रारंभ करने की घोषणा की है। यह अभियान 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा और इसकी तैयारी का चरण 15 से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस अभियान में मुख्य रूप से सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को नियमित आदत बनाने, लंबित मामलों के निपटारे, अभिलेखों के कुशल प्रबंधन, ई-कचरा प्रबंधन, स्थान के प्रभावी उपयोग और काम करने की जगह के अनुभव को बेहतर बनाने पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) ने ‘विशेष अभियान 5.0’ में बढ़-चढ़कर भाग लिया था। मंत्रालय ने अपने कार्यालयों और संस्थानों में स्वच्छता, अभिलेखों के प्रबंधन, जगह के उत्तम उपयोग और लंबित मामलों के निपटारे पर विशेष रूप से बल दिया। अभियान के दौरान 1,836 से अधिक स्वच्छता अभियान चलाए गए। मंत्रालय ने सांसदों के 3 मामलों, संसद में दिए गए 7 आश्वासनों, 307 लोक शिकायतों और लोक शिकायतों से जुड़ी 27 अपीलों का निपटारा किया।
अभिलेखों के प्रबंधन के प्रयासों के अंतर्गत 1,250 फाइलों की समीक्षा की गई और 466 फाइलें हटा दी गईं। इसके अतिरिक्त 658 ई-फाइलों की समीक्षा की गई जिनमें से 266 ई-फाइलें बंद कर दी गईं। इन प्रयासों का परिणाम यह हुआ कि फाइलें हटाने और कबाड़ के निपटारे से कार्यालय की लगभग 4,000 वर्ग फुट जगह खाली हुई। कबाड़ के निपटारे से लगभग 7.58 लाख रुपये की कमाई भी हुई।
एमएसडीई और उससे जुड़े स्वायत्त, अधीनस्थ और क्षेत्र कार्यालयों के सम्मिलित प्रयासों से काम करने के लिए साफ़-सुथरी और अधिक बेहतर जगहें बनाने, अभिलेखों के प्रबंधन में सुधार करने और कार्यालय में उपलब्ध स्थान का सही उपयोग करने में सहायता मिली। इस अभियान से कार्यालय के वातावरण को स्वच्छ रखने और कचरे को उत्तरदायित्वपूर्ण तरीके से निपटाने के महत्व के बारे में जागरूकता भी बढ़ी।
एमएसडीई ने ‘विशेष अभियान 6’ की तैयारी के लिए प्रारंभिक गतिविधियां शुरू कर दी हैं और अपने संबंधित, अधीनस्थ और स्वायत्त संगठनों तथा क्षेत्रीय संस्थानों के नोडल अधिकारियों और हितधारकों के साथ समन्वय कर रहा है। नोडल अधिकारियों को अभियान की योजना की सबसे महत्वपूर्ण बातों के बारे में जागरूक किया जा रहा है जिनमें स्वच्छता, लंबित मामलों का निपटारा, बेहतर अभिलेख प्रबंधन, ‘ई-कचरा प्रबंधन नियम, 2022’ के अनुसार ई-कचरे का प्रबंधन, उपलब्ध स्थान का प्रबंधन और काम करने की जगह के अनुभव को बेहतर बनाना शामिल है।
मंत्रालय ‘विशेष अभियान 5.0’ के दौरान बनी गति को आगे बढ़ाने और स्वच्छता के दीर्घकालिक तरीकों, लंबित मामलों के असरदार तरीके से निपटारे, उत्तरदायित्वपूर्ण तरीके से ई-कचरा प्रबंधन, बेहतर अभिलेख प्रबंधन और साफ़-सुथरी, अधिक बेहतर तथा सही तरीके से उपयोग के योग्य काम की जगहें बनाकर ‘विशेष अभियान 6’ के लक्ष्यों में अहम योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
