एएमयू में स्वास्थ्य और स्वच्छता पर साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समागम आयोजित

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के के.ए. निजामी कुरानिक अध्ययन केंद्र ने राइटर्स कैफेटेरिया के सहयोग से ‘साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समागम-2026’ का आयोजन किया गया। ‘स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के मूल सिद्धांत’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय समागम में स्वास्थ्य, स्वच्छता और कल्याण के महत्व पर चर्चा की गई तथा विद्यार्थियों को बौद्धिक और रचनात्मक अभिव्यक्ति का मंच प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छह सत्र आयोजित किए गए, जिनमें उद्घाटन और समापन सत्र के अलावा अंग्रेजी और उर्दू भाषण, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण, सुलेख, स्वरचित कविता और बैतबाजी जैसी विद्यार्थी केंद्रित प्रतियोगिताएं शामिल थीं।
उद्घाटन सत्र में एएमयू के पूर्व कुलपति प्रो. मोहम्मद गुलरेज मुख्य अतिथि और रजिस्ट्रार प्रो. आसिम जफर विशेष अतिथि रहे। विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए प्रो. गुलरेज ने स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की तथा युवाओं में जागरूकता और जिम्मेदार आदतों के विकास पर जोर दिया।
समापन सत्र में एएमयू की कुलपति प्रो. नइमा खातून मुख्य अतिथि, सहकुलपति प्रो. मोहसिन खान विशेष अतिथि और एएमयू के प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद खान विशिष्ट अतिथि रहे। प्रो. नइमा खातून ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर चिंता व्यक्त करते हुए इस दिशा में हरसंभव सहयोग और प्रयास का आश्वासन दिया।
समागम में प्रो. जेहरा मोहसिन, प्रो. असमर बेग, प्रो. अफीफुल्लाह खान, प्रो. मोहिबुल हक, प्रो. मुईनुद्दीन, प्रो. मोहम्मद अकबर, प्रो. रियाज अहमद, प्रो. आयशा मुनीरा, प्रो. अशहर कदीर, डॉ. शारिक अकील, डॉ. अहमद मुज्तबा, डॉ. जमील अहमद, डॉ. शमायल रब्बानी, डॉ. अबीहा अहमद खान, डॉ. फायजा अब्बासी, डॉ. कमर आलम और डॉ. रेहान अख्तर सहित अनेक शिक्षक शामिल हुए।
अतिथियों ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर साहित्यिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों को एक मंच पर लाने के लिए के.ए. निजामी केंद्र और राइटर्स कैफेटेरिया के प्रयासों की सराहना की।
समागम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और विश्वविद्यालय समुदाय की सक्रिय भागीदारी रही।
