एएमयू के तीन शिक्षक फिलाडेल्फिया में अंतर्राष्ट्रीय गणितज्ञ कांग्रेस-2026 में शामिल

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के तीन शिक्षकों ने अमेरिका के फिलाडेल्फिया स्थित पेंसिल्वेनिया कन्वेंशन सेंटर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गणितज्ञ कांग्रेस-2026 में भाग लिया।
विज्ञान संकाय के सांख्यिकी एवं संचालन अनुसंधान विभाग के प्रो. अकील अहमद, गणित विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. जावेद अली तथा इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय के एप्लाइड मैथमेटिक्स विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. फईम अली ने इस प्रतिष्ठित कांग्रेस में हिस्सा लिया।
तीनों शिक्षकों को अमेरिका की सिमंस फाउंडेशन की ओर से अंतर्राष्ट्रीय गणितीय संघ, विकासशील देशों के लिए आयोग और अमेरिकी गणितीय सोसायटी के सहयोग से लगभग छह-छह लाख रुपये की पूर्ण आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
अंतर्राष्ट्रीय गणितज्ञ कांग्रेस का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय गणितीय संघ द्वारा हर चार वर्ष में किया जाता है। यह दुनिया भर के गणितज्ञों का एक प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन है। इसमें फील्ड्स पदक सहित गणित के क्षेत्र के अन्य प्रतिष्ठित पुरस्कार भी प्रदान किए जाते हैं।
कांग्रेस के दौरान एएमयू के शिक्षकों ने विशेषज्ञों के व्याख्यान, गणितीय प्रदर्शनियों और विभिन्न परिचर्चाओं में भाग लिया। उन्होंने फील्ड्स पदक विजेताओं तथा दुनिया भर से आए गणित के शोधकर्ताओं के साथ भी संवाद किया।
