सूफी गायिका ज्योति नूरां को मिलेगा ‘विकसित भारत सूफी सिंगर अवॉर्ड 2026’
अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल ट्रस्ट ने की घोषणा, भारतीय सूफी संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए होगा सम्मान

नई दिल्ली, 6 सितंबर। प्रसिद्ध सूफी गायिका ज्योति नूरां को अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल ट्रस्ट की ओर से ‘विकसित भारत सूफी सिंगर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। फेस्टिवल के अक्टूबर, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विशेष समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसकी घोषणा रविवार को अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल के मैनेजिंग ट्रस्टी प्रो. जसीम मोहम्मद ने की।
प्रो. जसीम मोहम्मद ने कहा कि ज्योति नूरां ने अपनी प्रभावशाली आवाज और विशिष्ट गायन शैली के माध्यम से सूफी संगीत को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान दिलाई है। उनका संगीत भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता, प्रेम, भाईचारे और मानवीय मूल्यों का संदेश देता है। ऐसे कलाकार भारतीय सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रो जसीम मोहम्मद ने कहा कि ‘विकसित भारत’ का अर्थ केवल आर्थिक और तकनीकी प्रगति नहीं, बल्कि भारत की कला, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन भी है। इसी सोच के साथ अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने की पहल कर रहा है।
प्रो. जसीम मोहम्मद ने कहा कि सूफी संगीत भारतीय सांस्कृतिक परंपरा की ऐसी धरोहर है, जो प्रेम, शांति, सद्भाव और इंसानियत का संदेश देती है। ज्योति नूरां ने इस परंपरा को अपनी प्रतिभा के माध्यम से व्यापक श्रोताओं तक पहुंचाया है।
अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल साहित्य, कला, संस्कृति और संगीत के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर संवाद और प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में कार्य कर रहा है। फेस्टिवल के आगामी आयोजन में देश के साहित्यकारों, कलाकारों, संगीतकारों और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े प्रमुख व्यक्तित्वों की सहभागिता प्रस्तावित है।

सूफी गायिका ज्योति नूरां को दिया जाने वाला ‘विकसित भारत सूफी सिंगर अवॉर्ड’ भारतीय सूफी संगीत की परंपरा और समकालीन सांस्कृतिक योगदान के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
