एएमयू जेडएचसीईटी में नवप्रवेशित बी.टेक. और एम.टेक. विद्यार्थियों के लिए छात्र परिचय कार्यक्रम आयोजित

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जाकिर हुसैन कालिज आॅफ इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नालोजी में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद केदिशा-निर्देशों के मुताबिक बीटेक एवं एमटेक में नवप्रवेशित प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए छात्र परिचय कार्यक्रम-2026 आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, परंपराओं, मूल्यों और उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना तथा उन्हें विश्वविद्यालय जीवन में सहज रूप से प्रवेश करने में सहायता देना था। कालिज के प्राचार्य प्रोफेसर मोहम्मद मुजम्मिल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए नए विद्यार्थियों से जिज्ञासा, अनुशासन और ईमानदारी की भावना विकसित करने तथा जीवनभर सीखने की प्रक्रिया को बनाए रखने का आह्वान किया। इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय के अधिष्ठाता प्रोफेसर निसार अहमद ने कालिज का परिचय दिया।

विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय और इसके विभिन्न संस्थानों के साथ-साथ शैक्षणिक व्यवस्था, नियमों आदि की जानकारीदी गई। विभिन्न विभागों और केंद्रों के अध्यक्षों तथा समन्वयकों ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक कार्यक्रमों, प्रयोगशालाओं, शोध सुविधाओं, उभरती तकनीकों तथा इंजीनियरिंग और इससे जुड़े क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों से परिचित कराया।

कार्यक्रम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार एवं उद्यमिता, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास, इंजीनियरिंग नैतिकता, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, परिणाम आधारित शिक्षा, प्रशिक्षण, शोध तथा उच्च शिक्षा के अवसरों पर भी सत्र आयोजित किए गए।

प्रोफेसर सैफ सईद और प्रोफेसर शर्मीन खान ने विद्यार्थियों को छात्रावास जीवन, परामर्श सेवाओं तथा पाठ्येतर गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। कालिज पुस्तकालय के प्रभारी नसीम अहमद खान ने विद्यार्थियों को पुस्तकालय की सुविधाओं और संसाधनों से परिचित कराया तथा स्वतंत्र अध्ययन और शोध के लिए प्रोत्साहित किया।

विद्यार्थियों को प्रयोगशालाओं, कार्यशालाओं, शोध केंद्रों, शैक्षणिक विभागों और कालिज पुस्तकालय का भ्रमण भी कराया गया। इससे उन्हें इंजीनियरिंग कालिज की शैक्षणिक एवं शोध सुविधाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के साथ संवाद एवं प्रतिक्रिया सत्र के  साथ हुआ। विद्यार्थियों ने जेडएचसीईटी में अपनी शैक्षणिक यात्रा शुरू करने को लेकर उत्साह व्यक्त किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.