एएमयू एसटीएस स्कूल में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया

बच्चों में कम उम्र से ही पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के एसटीएस स्कूल की एनसीसी इकाई ने विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से परिचित कराना तथा पौधे लगाने और उनकी देखभाल को माँ के प्रति प्रेम, स्नेह और कृतज्ञता की भावना से जोड़ना था। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना विकसित करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में एसटीएस स्कूल के प्रधानाचार्य फैसल नफीस, उपप्रधानाचार्य डॉ. मोहम्मद आलमगीर, डॉ. नसीम अहमद तथा मोहम्मद अदनान खान सहित एनसीसी कैडेटों ने भाग लिया।

एनसीसी कैडेटों ने पौधे लगाए और उनकी सुरक्षा एवं देखभाल का संकल्प लिया। कैडेटों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य फैसल नफीस ने उनसे पर्यावरण संरक्षण के जिम्मेदार दूत बनने का आह्वानकिया। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना केवल शुरुआत है, उसकी नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में कैडेटों ने लगाए गए पौधों की देखभाल करने तथा हरित और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दोहराया।

पौधारोपण कार्यक्रम ने बच्चों में पर्यावरणीय मूल्यों को विकसित करने में विद्यालयी शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। विद्यार्थियों को पौधारोपण जैसी गतिविधियों से जोड़कर उन्हें यह समझाने का प्रयास किया गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल संस्थाओं और सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का साझा दायित्व है।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान ने इस पहल को भावनात्मक जुड़ाव भी प्रदान किया। इसके तहत लगाया गया प्रत्येक पौधा माँ के प्रति प्रेम, स्नेह और जीवन के प्रति सम्मान के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.