इंडिया टुडे 2025 रैंकिंग में एएमयू ने मारी बाजी

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय जो समावेशी और किफायती शिक्षा के लिए प्रख्यात है, को इंडिया टुडे और मार्केटिंग एंड डेवलपमेंट रिसर्च एसोसिएट्स (एमडीआरए) द्वारा कराए गए ‘बेस्ट कॉलेजेज़ और बेस्ट यूनिवर्सिटीज 2025‘ सर्वे में प्रमुख स्थान मिला है।
शैक्षणिक उत्कृष्टता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, एएमयू को देश के सामान्य (सरकारी) विश्वविद्यालयों की सूची में तीसरा स्थान मिला है। विश्वविद्यालय को कुल 2000 में से 1663.1 अंक मिले हैं, और यह दिल्ली विश्वविद्यालय व जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के बाद तीसरे स्थान पर है।
इस सर्वे में देशभर की 775 से अधिक यूनिवर्सिटीज को पाँच मुख्य मानकों पर आंका गया प्रतिष्ठा और प्रबंधन, शैक्षणिक व शोध कार्य में उत्कृष्टता, बुनियादी ढांचा और जीवन अनुभव, नेतृत्व विकास, और करियर व प्लेसमेंट की संभावनाएं शामिल हैं।
एएमयू की यह उपलब्धि इसके मजबूत शैक्षणिक ढांचे, शोध व नवाचार पर जोर, और विद्यार्थियों के समग्र विकास की ओर ध्यान, वो भी बेहद कम खर्च में, को दर्शाती है जिससे सामाजिक और आर्थिक रूप से विविध पृष्ठभूमियों के छात्र भी यहां अध्ययन कर पाते हैं।
बेस्ट कॉलेजेज 2025 सर्वे में एएमयू के कई विभागों और संबद्ध कॉलेजों को भी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा देने के लिए बेहतरीन रैंकिंग मिली है ।
जेड एच कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी को सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में सबसे कम फीस और बेहतरीन वैल्यू फॉर मनी के लिए पहला स्थान प्राप्त हुआ है।
आर्किटेक्चर विभाग को भी कम फीस वाले सरकारी आर्किटेक्चर कॉलेजों में पहला स्थान प्राप्त हुआ।
डॉ. जियाउद्दीन अहमद डेंटल कॉलेज को सरकारी डेंटल कॉलेजों में सबसे कम फीस के लिहाज से दूसरा स्थान मिला और इसे उभरते हुए डेंटल कॉलेजों की श्रेणी में भी दूसरा स्थान मिला।
कानून संकाय को बेहतरीन रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट देने वाले लॉ कॉलेजों में दूसरा स्थान मिला।
जन संचार विभाग को अपने क्षेत्र में सबसे कम फीस वाले विभाग के रूप में पहला स्थान प्राप्त हुआ।
सोशल वर्क विभाग को रिटर्न ऑफ मनी के हिसाब से तीसरा स्थान और सबसे कम फीस देने वाले सामाजिक कार्य संस्थानों में चौथा स्थान मिला।
ये नतीजे दिखाते हैं कि एएमयू किस तरह उत्कृष्टता और सुलभता का संतुलन बनाए हुए है, जिससे खासतौर से आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग से हजारों छात्र यहां विश्वस्तरीय शिक्षा पा रहे हैं।
कुलपति प्रोफेसर नईमा खातून ने विश्वविद्यालय समुदाय को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान एएमयू के उस स्थायी मिशन की पुष्टि करता है, जिसके तहत हम गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा को समान अवसरों के साथ उपलब्ध कराते हैं। यह हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। मैं हमारे शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों और शुभचिंतकों को दिल से बधाई देती हूं।
सह कुलपति प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान ने भी कहा कि राष्ट्रीय रैंकिंग में एएमयू को लगातार बेहतर स्थान मिलना हमारे छात्र-केंद्रित, शोध-प्रधान और मूल्य-आधारित शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ये उपलब्धियां हमें समावेशी शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित करती हैं।
यूनिवर्सिटी रैंकिंग कमेटी के चेयरमैन प्रो. सालिम बेग ने कहा कि राष्ट्रीय और वैश्विक शैक्षणिक प्राथमिकताओं के अनुरूप एएमयू खुद को ढालते हुए भी अपनी उस बुनियादी सोच से जुड़ा हुआ है, जिसमें जागरूक, जिम्मेदार और सशक्त नागरिक तैयार करने की कल्पना है।
