एएमयू के अजमल ख़ान तिब्बिया कॉलेज में स्तनपान जागरूकता शिविर आयोजित

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के अजमल ख़ान तिब्बिया कॉलेज के अमराज़-ए-निस्वां व कबालत (स्त्री एवं प्रसूति रोग) विभाग द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह 2025 के तहत हास्पिटल की ओपीडी-4 में एक विस्तारित जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्घाटन यूनानी मेडिसिन फैकल्टी के डीन प्रो. सफदर अशरफ़ और कॉलेज के प्राचार्य प्रो. बी डी ख़ान ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. सुबूही मुस्तफ़ा, डा अबीहा अहमद ख़ान, डा फहमीदा ज़ीनत तथा विभाग के पीजी छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहीं।
शिविर की शुरुआत विभाग के चिकित्सकों द्वारा आयोजित संवादात्मक सत्र से हुई, जिसे विशेष रूप से गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए तैयार किया गया था। प्रतिभागी अपने परिवारजनों और सहायकों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्रो. सुबूही मुस्तफ़ा ने शिशु के प्रारंभिक जीवन में स्तनपान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह शिशु की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने, मां-बच्चे के बीच भावनात्मक जुड़ाव को प्रबल करने और शारीरिक व मानसिक विकास में सहायक होता है।
कार्यक्रम का समन्वय डा अबीहा अहमद ख़ान के नेतृत्व में विभाग के शिक्षकों और रेज़िडेंट्स की सक्रिय भागीदारी से किया गया। शिविर ने मातृत्व स्वास्थ्य, शिशु पोषण और प्रसवोत्तर देखभाल जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
