एएमयू के सैयद हामिद सीनियर सेकेंडरी स्कूल (बॉयज) द्वारा सिविल सेवा में चयनित शकील अहमद का सम्मान

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सैयद हामिद सीनियर सेकेंडरी स्कूल (बॉयज) में आयोजित एक समारोह में स्कूल के पूर्व छात्र शकील अहमद को सिविल सेवा परीक्षा 2024 में सफलता प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में शकील अहमद ने छात्रों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उसकी प्राप्ति के लिए पूरी लगन से मेहनत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “सफलता के लिए सुनियोजित और लगातार परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। शकील ने 12वीं कक्षा इसी स्कूल से पास करने के बाद एएमयू से बी.टेक किया है।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा निदेशालय के निदेशक, प्रो. असफर अली खान ने शकील की उपलब्धि को अत्यंत प्रेरणादायक बताया और छात्रों से उनके पदचिह्नों पर चलने की अपील की। उप निदेशक प्रो. मोहम्मद आजम खान ने शकील को युवा छात्रों के लिए आदर्श बताया और कहा कि यह उपलब्धि एएमयू की स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता को दर्शाती है।
स्कूल के प्राचार्य सबाहुद्दीन ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि शकील अहमद की सफलता स्कूल के लिए गर्व की बात है और यह छात्रों, शिक्षकों और स्कूल प्रशासन के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पीजीटी गुफरान अहमद ने किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.